गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने सफाई कर्मियों को न्यूनतम मानदेय दिए जाने पर जोर दिया है। आयोग के सदस्य करम सिंह कर्मा की अध्यक्षता में पालिका सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक में सफाई कर्मियों को न्यूनतम वेतमान दिए जाने को कहा गया। इस दौरान सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र तथा जिलाध्यक्ष राजपाल ने नगर पालिका गोपेश्वर में सफाई कर्मियों के 13 पदों पर नियुक्ति करने की मांग उठाई। उन्होंने मुहल्ला स्वच्छता समिति में कार्यरत कर्मचारियों की वेतन वृद्धि समेत तमाम मसलों को उठाते हुए मांगों के निस्तारण पर जोर दिया। कहा कि सभी निकायों के अधिकारियों को नियमानुसार सफाई कर्मियों को न्यूनतम मानदेय देना होगा। श्रम अधिकारी को सभी विभागों में तैनात सफाई कर्मियों की स्थिति व वेतन की जांच करने के निर्देश देते हुए उन्होंने न्यूनतम मानदेय भूगतान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में उन्होंने निकायों में कार्यरत सफाई कर्मियों की स्थिति की जानकारी भी ली। हाथ से मेला उठाने वाले कर्मियों को सरकार की योजनाओं से शतप्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने केंद्र व राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता, सीएमएस डॉ. अनुराग धनिक, परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह, तहसीलदार दिप्ती शिखा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत, पोखरी की ईओ बीना नेगी, वाल्मीकि समाज संघ के महामंत्री अमित कुमार, देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विश्वम्बर, उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे।

