खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। पीपलकोटी नगर पंचायत क्षेत्र को पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए सरकार ने 24.3 करोड़ की पेयजल योजना की मंजूरी दी है। बताते चलें कि बदरीनाथ तथा हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव पीपलकोटी नगर क्षेत्र में बीते कई वर्षों से तीर्थयात्रियों समेत स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोग लगातार नई पेयजल योजना के निर्माण की मांग कर रहे थे। पिछले दिनों पीपलकोटी की नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर नगर क्षेत्र को पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए नई पेयजल लाइन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान करने की मांग की थी। इस पर सीएम ने पेयजल निगम को तत्काल प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पेयजल निगम ने प्रस्ताव शासन को भेजा। इस आधार पर सीएम ने पेयजल योजना के निर्माण के लिए 24.3 करोड़ रूपये की मंजूरी प्रदान की है। नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवनी ने बताया कि मैनागाड नदी के लुदाऊं से पेयजल योजना का निर्माण होगा। यह योजना पीपलकोटी नगर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि योजना की मंजूरी से अब पीपलकोटी क्षेत्र को पेयजल संकट से निजात तो मिलेगी ही अपितु तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भी पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग के कारोबारियों तथा स्थानीय लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। इससे लोगों की आर्थिकी तो बढ़ेगी ही अपितु इस क्षेत्र की पेयजल संकट की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *