गोपेश्वर (चमोली)। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी चेतावनी के बाद चमोली जिला प्रशासन की ओर से पांच सितम्बर तक बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रोक लगा दी गई है।
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने कहा कि मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पांच सितम्बर तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसके कारण जिले के कई क्षेत्रों जैसे कामेडा, नंदप्रयाग, पागलनाला, भनेरपानी में मार्ग बाधित होने और यात्रा के दौरान खतरा बढ़ने की आशंका बनी रहती है। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पांच सितम्बर तक बदरीनाथ एवं श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है।
डीएम ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को देखते लिया गया है। उन्होंने यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील है कि वे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।

