गोपेश्वर (चमोली)। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन चमोली ने प्रधानमंत्री को शुक्रवार को एक पत्र भेजकर बदरीनाथ हाइवे पर पागलनाला के पास बार-बार हाइवे के बाधित होने की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान खोजे जाने की मांग की है।
गौरतलब है कि बदरीनाथ हाइवे पर टंगणी के पास पागलनाला के समीप हल्की सी बारिश में भी यहां पर मार्ग अवरूद्ध हो जाता है जिससे यात्रा काल के दौरान यात्रियों तथा अन्य समय में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिसको लेकर भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन चमोली के जिलाध्यक्ष जसवंत लाल ने प्रधानमंत्री को एक पत्र भेजकर इस स्थान पर हाइवे के बार-बार बाधित होने की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थानीय समाधान खोजे जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय को निर्देशित किये जाने की मांग की है ताकि यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके।

