खबर को सुनें

पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी-गोपेश्वर मोटर मार्ग सलना के समीप बीते दो माह से लगातार भू धंसाव होने से सड़क की स्थिति काफी दयनीय बनी हुई है। यहां पर वाहन चालक जान जोखिम में डालकर वाहनों का संचालन कर रहे है। सड़क के सुधारीकरण को लेकर कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और जनता पीएमजीएसवाई को पत्र लिख चुकी है लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। जिससे लोगों में खासा रोष व्याप्त है।

क्षेत्र के संजय रमोला, सजनसिंह, देवेन्द्र लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य राधा रानी रावत, सतेन्द्र सिंह, प्रेम सिंह का कहना है कि सलना के पास भूधंसाव को लेकर कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है लेकिन हर बार विभाग की ओर से आश्वासन दिया जा रहा है कार्य नहीं किया जा रहा। जिससे अभी तक सड़क के सुधारीकरण का कार्य नहीं किया गया। सड़क पर लगातार भूधंसाव के कारण वाहनों के आवाजाही में भी काफी दिक्कते आ रही है। ऐसी स्थिति में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित होने का अंदेशा भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही सड़का सुधारीकरण नहीं किया जाता है तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।

इधर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता परशुराम चमोला का कहना है कि सलना के समीप जो भू धंसाव हो रहा है, इस पर टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। टेंडर होने के बाद जल्द भू धंसाव क्षेत्र में कार्य शुरू किया जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!