गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में हो रही लगातार भारी वर्षा को देखते हुए निर्माणाधीन कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में लगे मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए अपर जिलाधिकारी चमोली अभिषेक त्रिपाटी ने आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये है।
मजदूरों की सुरक्षा को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने जनपद अन्तर्गत निर्माणाधीन कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक सावधानी रखे जाने के निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनपद अन्तर्गत विभिन्न स्थानों पर कार्यदायी संस्थाओं की ओर से निर्माण कार्य यथा पुल, सड़क, टनल इत्यादि के कार्य किये जा रहे हैं। जिसमें काफी संख्या में मजदूरों की तैनाती की गयी है। मानसून अवधि अथवा अतिवृष्टि के कारण पहाडी क्षेत्रों में भू-स्खलन की घटनाऐं अकस्मात घटित हो रही है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को मानसून अवधि के दौरान अपने निर्माणाधीन कार्यों में लगे कार्मिकों, मजदूरों के जीवन की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

