खबर को सुनें

उखीमठ (रूद्रप्रयाग)। विश्व प्रसिद्ध 11वें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष शुक्रवार 6 मई प्रातः 6 बजकर 25 मिनट पर वृश्चिक लग्न में खुलेंगे। जबकि भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी उत्सव डोली 2 मई को पंचकेदार गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम को प्रस्थान करेगी जबकि 1 मई को भैरवनाथ की पूजा की जायेगी। डोली 2 मई गुप्तकाशी, 3 मई फाटा, 4 मई गौरीकुंड, 5 मई को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 6 मई शुक्रवार प्रातः 6 बजकर 25 मिनट पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

पंचकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में शिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित संक्षिप्त धार्मिक समारोह में रावल भीमाशंकर की उपस्थिति में पूजा- अर्चना,पंचाग गणना के पश्चात यात्रा वर्ष 2022 के लिए श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित हुई। इस अवसर पर श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, निवर्तमान विधायक मनोज रावत, मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर पंवार, मंदिर समिति सदस्य, श्रीनिवास पोस्ती, आशुतोष डिमरी, भास्कर डिमरी, उपजिलाधिकारी उखीमठ जितेंद्र वर्मा, केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला तहसीलदार दीवान सिंह राणा, विशेष कार्याधिकारी राकेश सेमवाल, मंदिर समिति के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे। मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने पर सभी श्रद्धालुओं का आभार जताया है। प्रेम रस्तोगी ग्रुप दिल्ली ने भंडारा आयोजित कर प्रसाद वितरित किया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!