खबर को सुनें

गोपेश्वर/थराली/कर्णप्रयाग (चमोली)। भाजपा की ओर से शुक्रवार को चमोली जिले की तीनों विधानसभाओं में कार्यक्रम आयोजित कर सरकार के पांच साल को लेखा-जोखा जनता के सम्मुख रखा। इस दौरान विधायक और भाजपा नेताओं ने राज्य और केंद्र की ओर से किये गये विकास कार्यों की जानकारी देते हुए राज्य के विकास के लिये भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनसभाओं को संबोधित किया।

भाजपा की ओर से बदरीनाथ विधानसभा में पीपलकोटी, थराली विधानसभा में थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा में सिमली में कार्यक्रम आयोजित किये गये। पीपलकोटी के सेमलडाला खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि पांच वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास से जोड़ने का कार्य किया है। कहा कि पांच साल में विधानसभा के दूरस्थ क्षत्रों को सड़क से जोड़ने, चिकित्सकों व शिक्षकों तैनाती कर क्षेत्र के विकास का कार्य किया है। वहीं पार्टी जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से 17 वर्ष बनाम पांच वर्ष की तुलना की जाय तो सडक, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, विद्युत के क्षेत्र में पांच वर्षों में सर्वाधिक कार्य हुए हैं, वहीं डीसीबी अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने सहकारी बैंक की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान बद्रीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने विभिन्न योजनाओं के चैक वितरण के साथ ही विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। इस दौरान यहां लोक गायिका पम्मी नवल के साथ ही स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी। नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी रमेश बंडवाल, जिला पंचायत सदस्य दीपा राणा, विक्रम सिंह बर्त्वाल, आशा देवी, भागीरथी कुंजवाल, पुष्कर सिंह राणा, विजया देवी, ऋषि प्रसाद सती, शंभू प्रसाद सती, अतुल शाह, अयोध्या हटवाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र हटवाल ने किया। इसके साथ ही थराली के रामलीला मैदान में विधायक मुन्नी देवी और सिमली में विधायक सुरेंद्र नेगी ने पांच सालों का लेखा जोखा जनता के बीच रखा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!