खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के दशोली विकासखंड के संकुल प्रशिक्षण केन्द्र गोपेश्वर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण रविवार को संपन्न हो गया है। तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में  विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों को विद्यालयी शिक्षा, समग्र शिक्षा, शिक्षा का अधिकार, बाल अधिकार और संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता आदि विषयों पर जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के समापन के अवसर पर बोलते हुए संकुल बीआरसी बीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्ता परख शिक्षा के लिए आवश्यक है कि अभिभावकों को भी विद्यालयी शिक्षा के बारें में जानकारी हो और उसे और अधिक बेहतर बनाने के लिए उनकी सहभागिता भी ली जाए। इस कड़ी यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है ताकि बच्चों की पढ़ाई बेहतर हो सके। राजकीय इंटर कालेज टंगसा के विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य सुनील नाथन बिष्ट ने इस तीन दिन के प्रशिक्षण को लाभदायक बताते हुए कहा कि समुदाय की भूमिका और जागरूकता से विद्यालय के साथ ही छात्र-छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव है। प्रधानाध्यापक राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय गोपेश्वर शशि बिष्ट ने कहा कि समुदाय के सहयोग से ही विद्यालय प्रबंधन और विकास को नई दिशा मिलती है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कठूड़, टंगसा, सिरौं, पांडुली, अलकापुरी के सदस्यों ने भाग लिया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *