गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस महिला संगठन की ओर से मंगलवार को गोपेश्वर में महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा की। कहा गया कि वर्तमान सरकार महंगाई पर रोक लगाने और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर विफल हो रही है। जिसके चलते जनता कांग्रेस से बड़ी आस लगाये है।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित सम्मेलन के दौरान पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि वर्तमान केंद्र और राज्य की सरकारें महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा जैसे विषयों कोई कार्रवाई करती नजर नहीं आ रही है। जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संगठन की महिला कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की रीति और नीति को आम लोगों तक पहुंचाकर संगठन को मजबूत करने की बात कही। इस दौरान कार्यकारी जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, रैजा चैधरी और जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी ने कहा कि उत्तराखंड निर्माण से लेकर राज्य के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में वर्तमान की परिस्थितियों में महिलाओं को निर्णायक कार्य करने की आवश्यकता है। इस मौके पर अनीता देवी, देवेश्वरी शाह, उषा फर्स्वाण, गीता बिष्ट, लीला देवी, मंजू फर्स्वाण, बिल्लेश्वरी और राजेश्वरी सती आदि मौजूद थे।