खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। जनपद में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने राजकीय इंटर कॉलेज जाख के औचक निरीक्षण के दौरान प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए मादक पदार्थों के बहिष्कार का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से नशामुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा तथा जनपद के सभी विद्यालयों को जागरूकता अभियान से जोड़ा जाएगा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत हर बैगलेस डे पर नशामुक्ति से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। विद्यालयों की ओर से अभियान की गतिविधियों का सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 अगस्त के बैगलेस डे पर नशे के खिलाफ पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी नशे के दुष्प्रभाव और इससे दूर रहने का संदेश देने वाले पोस्टर बनाएंगे। इसी दिन छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आकाश सारस्वत ने शिक्षकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद में 30 मई तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का एक भी पेंशन प्रकरण लंबित नहीं है।

 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!