खबर को सुनें

दो साल से जुझ रहे है रामपुरा के 36 परिवार पानी की किल्लत से

डीएम से लेकर सीएम तक लगा चुके गुहार, पर नहीं निकला हल

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले चमोली-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर नगर पालिका के कोठियाल सैण वार्ड का रामपूरा  क्षेत्र है जहां पर 36 परिवार निवास करते है जो पिछले दो साल से पानी की किल्लत झेल रहे है। डीएम से लेकर सीएम तक अपनी गुहार लगा चुके है लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी है। सोमवार को ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से मिला और एक ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है तो उन्हें धरना प्रदर्शन के लिए विवश होना पड़ेगा।

कोठियाल सैंण वार्ड सदस्य बीना देवी राम लाल, दलीप सिंह, मुन्नी देवी, कल्पेश्वरी देवी आदि का कहना है कि जल संस्थान की ओर से पिछले दो साल से पानी की आपूर्ति सही ढ़ग से नहीं की जा रही है। कई बार विभाग के चक्कर लगा चुके हैं यहां तक की जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री, पेयजल मंत्री तक को उन्होंने अपनी समस्या का पत्र भेज दिया है लेकिन समस्या का आज तक कोई हल नहीं निकल पाया है। विभाग अपने बिल तो समय से दे रहा है लेकिन उन्हें पानी समय से उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने एक-दो दिन में उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो उन्हें मजबूरन धरना प्रदर्शन के लिए विवश होना पड़ेगा।

इधर जल संस्थान से सहायक अभियंता हरदेव आर्य ने कहा कि रामपूरा की समस्या का समाधान के निर्देश संबंधित जेई को दे दिए गये है। मंगलवार को वे स्वयं भी रामपूरा जाकर निरीक्षण करेंगे और पेयजल की किल्लत को दूर किया जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!