खबर को सुनें

अल्मोड़ा: सल्ट विधानसभा सीट के 17 अप्रैल को हुए उपचुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। पहले 481 पोस्टल बैलट्स की गिनती की जा रही है। इसके बाद बूथवार ईवीएम खुलेंगी। मतों की गिनती के लिए 15 टेबल लगाई गई हैं। सल्ट सीट के 151 बूथों पर मतगणना के बाद दिन में परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही होने का अनुमान है। उत्तराखंड में हाल ही में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद यह पहला चुनाव है। इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों की ही साख दांव पर लगी हुई है। यह सीट भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा ने उनके ही बड़े भाई महेश जीना को टिकट दिया है और चुनाव प्रचार के दौरान हर मंच से सुरेंद्र जीना के नाम पर ही वोट मांगे गए।

इधर, कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली ने इस चुनाव में स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा उछाला और खुद को सल्ट की चेली के तौर पर प्रचारित किया था। गंगा पंचोली के साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व सीएम हरीश रावत की भी साख सल्ट के नतीजों के साथ जुड़ी हुई है। गंगा पंचोली को  टिकट दिलवाने में हरीश रावत की बड़ी भूमिका रही है। अस्पताल में भर्ती होने की वजह से वह देर से चुनाव प्रचार में जुटे।

सल्ट विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 95,241 हैं। इस बार 43.28 प्रतिशत मत पड़े हैं। 2017 के चुनावों पर नजर डालें तो तब भाजपा के सुरेंद्र जीना को 21,581 वोट और कांग्रेस की गंगा पंचोली को 18,677 वोट मिले थे। इस बार भाजपा से महेश जीना, कांग्रेस से गंगा पंचोली, सर्वजन स्वराज पार्टी से शिव रावत, उक्रांद समर्थित पान सिंह, पीपीई डेमोक्रेटिव नंद किशोर, उपपा से जगदीश चंद्र और निर्दलीय सुरेंद्र सिंह प्रत्याशी हैं।

वहीं विधानसभा उपचुनाव के लिए आज  जनादेश सामने आएगा। इससे मात्र छह माह के लिए जनप्रतिनिधि तय होना है।लेकिन इस परिणाम से ही तय होगा कि आगे आ रहे विधानसभा चुनाव के लिए क्या रणनीति राजनीति दल अख्तियार करेंगे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!