खबर को सुनें

हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के झिंवरेही इस्माइलपुर तिराहे से खनन कारोबारी और उसके दोस्त से लूट का मामला सामने आया है। बीती रात तमंचे के बल पर हुई लूट की वारदात से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। लक्सर कोतवाली पुलिस ने पीडि़त की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लंढोरा निवासी साजिद ने सुल्तानपुर चौकी में तहरीर दी है कि बीती रात वो अपने साथी आरिफ के साथ मोटरसाइकिल से गणपति स्टोन क्रशर में रोड़ी, बजरी का पेमेंट करने जा रहा था। जैसे ही वो झिंवरेड़ी इस्माइलपुर तिराहे के पास पहुंचा, तभी वहां पहले से ही गन्ने के खेत में घात लगाकर बैठे पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। सभी बदमाश तमंचे, लाठी डंडे और सरियों से लैस थे। इस दौरान उन्होंने साजिद से 70 हजार की नकदी मोबाइल और पर्स लूट लिया। उसके साथी आरिफ से भी 8 हजार की नकदी और पर्स छीन लिया।
इसके बाद दोनों लोगों ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी को लूट की सूचना दी। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर चौकी पुलिस ने कॉम्बिग की, लेकिन पांचों बदमाश फरार होने में कामयाब रहे। लक्सर कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पीडि़त की शिकायत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!