गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर की नगर पालिका गोपेश्वर की ओर से गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर कूड़ा डंपिंग जोन बनाया गया है। जो टंगसा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिये सिरदर्द बन गया है। यहां कूड़े के ढेर पर लग रही आग से घाटी के ग्रामीणों से लेकर इस मोटर मार्ग पर आवाजाही करने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पूरी घाटी बदबूदार धुएं से पट रही है। जिससे यहां ग्रामीणों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। ऐसे में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर कूड़ा डंपिंग जोन अन्यत्र बनाने की मांग की है।
बता दें कि गोपेश्वर नगर में सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर पालिका परिषद का है। ऐसे में पालिका की ओर से नगर से प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिये गोपेश्वर-पोखरी सड़क के समीप उडान छौड़ा नामक तोक में कूड़ा डंपिंग जोन बनाया गया है। लेकिन यहां कूड़े पर लग रही आग से यहां आसपास मौजूद गैर, टंगसा, नगर, पीपलखाना के ग्रामीणों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क से पोखरी और हापला क्षेत्र को आवाजाही करने वालों को भी यहां मुश्किलों से दो-चार होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मनोज कुमार, पवन राठौर, तेजेंद्र सिंह और मदन सिंह का कहना है कि कूड़ा डंपिंग जोन से आने वाली बदबू के साथ ही यहां आग लगने पर उठने वाले धुएं के निस्तारण के लिये कई बार पालिका और जिला प्रशासन से मांग की गई है। लेकिन वर्तमान तक इसके स्थाई समाधान को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
गोपेश्वर-पोखरी सड़क के समीप बने कूड़ा डंपिंग जोन में लगी आग को बुझाने के लिये अग्नि शमन विभाग की मदद ली गई है। लेकिन कूड़े में लगी आग बार-बार सुलग रही है। यहां अज्ञात लोगों की ओर से आग लगाई जा रही है। ऐसे में यहां निगरानी के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। जिससे समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।
अनिल पंत, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर।

