गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के 39 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टेलीमेडिसिन सेवा की शुरुआत हो चुकी है। सेवा के संचालित होने से अब जिले लोग वीडियो कॉल के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श ले सकते हैं। जिस के लिए लाभार्थी को अपना पहचान पत्र लेकर आना होगा।
जिले में टेलीमेडिसिन की शुरुआत अप्रैल 2020 में हुई थी। यह सेवा अब तक उपकेंद्र में स्थापित स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के स्तर पर संचालित की जा रही थी। जिसमें मिड लेवल हेल्थ प्रोवाइडर, एमएलएचपी, आशा कोऑर्डिनेटर, आशा फैसिलिटेटर के माध्यम से लोगों को टेलीमेडिसिन की सुविधा मुहैया कराई जा रही थी। अब विस्तार करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर से इस सेवा का संचालन किया जा रहा है। अब तक जिले में कुल 51530 लोग इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं। इस टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्र के लाभार्थी रोगियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज के लिए श्रीनगर, ऋषिकेश एवं देहरादून नहीं जाना पड़ेगा। जिससे जनपद के लोगों को समय एवं पैसा खर्च वहन नहीं करना पड़ेगा। संचार विहीन क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन सेवा को संचालित करने के लिए विभाग ने विशेष सेटेलाइट उपकरण लगाए हैं साथ ही विभाग ने नेटवर्क की समस्या को दूर करने के लिए निजी संचार कंपनी के सेटेलाइट उपकरण लगाए हैं।

