गोपेश्वर (चमोली)। कर्णप्रयाग में पिंडर नदी में नहाने गई एक किशोरी की तेज धारा में बहने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर निवासी अमृता (15) पुत्री मनोज कुमार अपनी सहेलियों के साथ पिंडर नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी की तेज धारा में बहने लगी। किशोरी को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद थपलियाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवाओं, पुलिस और डीडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। बेहोशी की हालत में किशोरी को उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

