खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। अयोध्या में सोमवार को  भगवान राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा  समारोह के उपलक्ष्य में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने नृसिंह मंदिर जोशीमठ सहित योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर और अधिनस्थ मंदिरों में पूजा-अर्चना भजन कीर्तन एवं कलश यात्रा निकाली। इस अवसर पर मंदिरों को  फूलों से सजाया गया है तथा रात्रि में बहुरंगी लाइटों से मंदिर प्रकाशमान हो रहे है। सोमवार को मंदिरों में सुंदर कांड का पाठ तथा भगवान राम की पूजा भजन-कीर्तन आयोजित होंगे।

रविवार को जोशीमठ मारवाड़ी पुल से शुरू हुई जलकलश यात्रा बाजार होते हुए नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंची। जल कलश यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। जलकलश यात्रा का  समापन नृसिंह मंदिर परिसर में हुआ। जल कलश यात्रा में मंदिर समिति कर्मियों, नगर पंचायत जोशीमठ, महिला मंगल दल सहित स्कूल के छात्र-छात्राओं तथा एनसीसी कैडेटों ने भी प्रतिभाग किया।

गौरतलब है कि  जहां प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अयोध्या में भगवान राममंदिर  प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी के उपलक्ष्य में दीपोत्सव, भक्ति -भजन, जागरण  कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियान के लिए प्रदेशवासियों का आह्वान किया है। बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय के निर्देश पर बीकेटीसी के सभी मंदिरों में विशेष पूजाओं, दीपोत्सव  स्वच्छता अभियान के लिए मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह ने आदेश जारी किये, वहीं भगवान राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय  अयोध्या के लिए रवाना हो गये हैं।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि विगत 14 जनवरी से नृसिंह मंदिर जोशीमठ तथा योग बदरी पांडुकेश्वर में स्वच्छता जनजागरण अभियान चला था आदिगुरू शंकराचार्य गद्दी स्थल, नृसिंह मंदिर जोशीमठ सहित नव दुर्गा मंदिर, वासुदेव मंदिर,  गोपाल मंदिर नंद प्रयाग, सीता माता मंदिर चाई तथा योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर में विशेष पूजा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जो भगवान राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा  तिथि 22 जनवरी के बाद तक चलता रहेगा।  इस अवसर पर सहित मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान,  वेदपाठी रविंद्र भट्ट, कार्याधिकारी नगर पंचायत भारत भूषण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजेंद्र बिष्ट, प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, अवर अभियंता गिरीश रावत, नृसिह मंदिर प्रभारी संदीप कपरवाण आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!