खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ हाइवे पर पीपलकोटी नगर पंचायत क्षेत्र का कौडिया वार्ड में निवास करने वाले अनुसूचित जाति के परिवारों को पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। हर घर जल योजना  का भी इन परिवारों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। गुरूवार को गांव की महिलाओं ने जिलाधिकारी चमोली को एक ज्ञापन सौंपकर पेयजल किल्लत को दूर करने की मांग की है।

कौडिया गांव की निवासी पवित्रा देवी, कल्पेश्वरी देवी, राधा देवी, गंगोत्री देवी का कहना है कि बदरीनाथ हाइवे पर कौडिया गांव में अनुसूचित जाति के परिवार निवास करते है जिनकी जनसंख्या 70 से अधिक है। वे लोग कास्तकारी के साथ ही पशुपालन का काम भी करते है लेकिन यहां पर पानी की भारी किल्लत होने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव से दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर प्राकृतिक जन स्रोत है वहीं से पानी आपूर्ति करनी पड़ती है। नगर पंचायत क्षेत्र होने के बावजूद भी उन्हें पानी की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है कई बार नगर पंचायत को पत्र दिया जा चुका है लेकिन पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका यह भी  कहना है कि सरकार की ओर से हर घर नल हर घर जल योजना चलायी जा रही है लेकिन इसका भी उन्हें लाभ नहीं मिला है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनकी पानी की समस्या को दूर किया जाए।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!