पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकास खंड में शिक्षा विभाग ने बिना मान्यता चलने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ शिकंजा कसने शुरू कर दिया है। पोखरी में केवल दो ही विद्यालयों को हाईस्कूल स्तर तक कक्षाऐं संचालित किये जाने की मान्यता दी गई है।
पोखरी में कई ऐसे निजी विद्यालय संचालित हो रहे है जिनके पास उन कक्षाओं को संचालित करने की मान्यता नहीं है बावजूद इसके संचालित हो रही है। ऐसे में दाखिला के समय अमूमन अभिभावक ध्यान नहीं देते और बाद में परीक्षाओं तथा परिणाम के दौरान विवाद खड़े हो जाते हैं। इसलिए शिक्षा विभाग ने बिना मान्यता और मान्यता नियमों की अवहेलना करने वाले निजी स्कूलों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। यहां पर कुछ ऐसे निजी स्कूल भी हैं जिनके पास 8वीं तक की मान्यता है लेकिन कक्षाएं 10वीं और 12वीं तक भी लगाई जा रही थी।
पोखरी में दो निजी विद्यालयों को ही हाईस्कूल की मान्यता मिली है जिसमें टैगोर चिल्ड्रन एकेडमी हाई स्कूल विनायकधार और आदर्श विद्या मंदिर गुनियाला शामिल है।
क्या कहते है अधिकारी
खंड शिक्षा अधिकारी भास्कर चंद्र वेवनी ने कहा पोखरी में केवल दो निजी स्कूलों को हाई स्कूल की मान्यता मिली है जिसमें टैगोर चिल्ड्रन एकेडमी हाई स्कूल विनायकधार और आदर्श पब्लिक स्कूल गुनियाला हैं जो हाईस्कूल तक की कक्षा संचालित कर सकते है। इसके बावजूद यदि कोई विद्यालय मान्यता के अलावा अन्य कक्षाओं का संचालन करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

