चिपको नेता चक्रधर तिवारी को दी श्रद्धांजलि
गोपेश्वर (चमोली)। संकल्प अभियान के तहत रक्षाबंधन के पर्व पर पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर चिपको आंदोलन के नेता स्वर्गीय चक्रधर तिवारी की 13वीं पुण्यतिथि पर उनके पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में दर्शन बत्र्वाल ने चक्रधर तिवारी को ‘वृक्ष ऋषि’ बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चक्रधर तिवारी ने प्रकृति संरक्षण को जनअभियान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
संकल्प अभियान के संयोजक मनोज तिवारी ने कहा कि चक्रधर तिवारी की स्मृति में उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से रक्षाबंधन के अवसर पर पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति और संस्कृति संरक्षण से जोड़ना तथा उनमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और संस्कार विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रकृति से जोड़कर ही पर्यावरण संरक्षण की भावना को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष बच्चों और मातृशक्ति की सहभागिता से पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधने का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर सुधीर चमोली, दीवान नेगी, सतेश्वरी तिवारी, रश्मि थपलियाल, मनोरमा हटवाल, मालमती रावत, अर्नव तिवारी, सीमा तिवारी, रेखा सती, सुमन, मोली रौतेला समेत बड़ी संख्या में बच्चे और मातृशक्ति मौजूद रहे।
