खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की ओर से सात जनवरी (रविवार) को सम्मिलित कृषि, उद्यान, पशुपालन विभाग के लिए समेकित (समूह ग) मुख्य भर्ती परीक्षा का दो पालियों में आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए पीजी कालेज गोपेश्वर में परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट हिमांशु खुराना के आदेशों के क्रम में परीक्षा केन्द्र पर शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु परीक्षा केन्द्र की दो सौ मीटर की परिधि में छह जनवरी के अपराह्न छह बजे से सात जनवरी के अपराह्न छह बजे तक धारा-144 लागू रहेगी। परीक्षा केन्द्रों की दो सौ मीटर की परिधि के अन्तर्गत पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एक साथ एक स्थान पर एकत्रित होने, जुलूस, झांकी, जनसभा, प्रदर्शन, लाउडस्पीकर के प्रयोग पर रोक तथा किसी भी प्रकार का शस्त्र ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर में सेलुलर फोन, पेजर, पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति कदापि नही होगी। परीक्षा केन्द्र के दो सौ मीटर की परिधि में प्रिंट एवं फोटोस्टेट की दुकानें पूर्ण रूप से बन्द रहेगी और परीक्षा केन्द्र में किसी प्रकार का साहित्य, प्रेस नोट, पम्पलेट, पोस्टर बैनर आदि नहीं लगवाए और बंटवाये जाएंगे। शान्ति व्यवस्था में संलग्न अधिकारी एवं कर्मचारी पुलिस बल, परीक्षार्थियों के अतिरिक्त अन्य कोई व्यक्ति प्रवेश नही करेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर बिना वारण्ट गिरफ्तार किया जाएगा तथा भारतीय दण्ड संहिता की धारा-188 के अन्तर्गत दण्डनीय होगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *