देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
Chingari News Live Uttarakhand News
खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अब एक ही पुस्तक में परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी और अभ्यास सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर की ओर से संस्थान की वार्षिक पत्रिका फ्योली को इस बार नए कलेवर में तैयार किया जा रहा है। इसके लिए तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। पत्रिका में विभिन्न प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं के हल प्रश्नपत्रों के साथ नवीनतम शैक्षिक सामग्री भी शामिल की जाएगी।

डायट के प्राचार्य अनी नाथ ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण और अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से पत्रिका को नए स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। इसमें बदलते परीक्षा पैटर्न और नवीनतम प्रश्नों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बताया कि इस बार फ्योली में जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा के बदलते पैटर्न के अनुरूप पर्यावरण विज्ञान से संबंधित प्रश्नों को भी जगह दी जाएगी। इसके अलावा सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र और इस वर्ष आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के हल प्रश्नपत्र भी शामिल किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा के स्वरूप, प्रश्नों के स्तर और तैयारी की रणनीति समझने में मदद मिलेगी। पत्रिका में प्रवेश प्रक्रिया और संपूर्ण समय-सारणी से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रवेश संबंधी जरूरी जानकारियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

पत्रिका के मुख्य संपादक सुबोध कुमार डिमरी ने बताया कि कार्यशाला में चयनित शिक्षक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नों का संकलन, संपादन और विषयवस्तु तैयार कर रहे हैं। प्रयास है कि पत्रिका को अधिक उपयोगी और विद्यार्थी केंद्रित बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को एक ही पुस्तक में परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सामग्री और मार्गदर्शन मिल सके।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!