खबर को सुनें

कोटद्वार। पौड़ी जनपद के कोटद्वार नगर में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की चपेट में आने से कई पालतू सुअरों की मौत हो गई है। नगर के आमपड़ाव पनियाली गदेरे में मृत मिले सुअरों को नगर निगम प्रशासन ने जेसीबी से गड्ढे खोदकर दबा दिया है। पशुपालन विभाग और नगर निगम ने स्वाइन फीवर से पीड़ित सुअरों को गड्ढे में दबाने की अपील सूअर पालकों से की। कहा कि खुले में फेंकने से यह बीमारी दूसरे पशुओं में भी फैलने की आशंका है। जिसके बाद नगर निगम कोटद्वार ने मुनादी कर सुअरों को अपने बाड़े में ही रखने के निर्देश दिए।

नगर क्षेत्र के अंतर्गत आमपड़ाव, कौड़िया, झूलाबस्ती सहित भाबर के कई स्थानों पर पशुपालकों ने सूअर पाले हुए हैं। पिछले चार-पांच दिनों में इस संक्रामक बीमारी से क्षेत्र में कई सुअरों की मौत की सूचना पशुपालन विभाग को मिली है। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीएम गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि आमपड़ाव समेत कई क्षेत्रों में हुए सर्वे में पशुपालकों ने अब तक 75 पशुओं की मौत की जानकारी है। कोटद्वार नगर निगम के आयुक्त केएस नेगी ने बताया कि मुनादी कर सूअर पालकों से अपने सुअरों को बाड़े में रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं। पशुपालन विभाग को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने का को कहा गया है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!