गोपेश्वर (चमोली)। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पीएम स्वनिधि (पुनर्गठित) योजना के तहत लोक कल्याण मेला तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अंगीकार योजना का शुभारंभ हो गया है।
पालिकाध्यक्ष संदीप सिंह रावत के निर्देशन में सिटी मिशन मैनेजर सुरेंद्र पंवार ने पीएम स्वनिधि योजना, स्वनिधि से समृद्धि के तहत भारत सरकार की 8 कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि डिजीटल लेनदेन को बढ़ावा देना और क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले लाभ का लोगों को फायदा लेना चाहिए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास ने पीएम मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। श्रम एवं कल्याण अधिकारी ने पंजीकृत श्रमिकों को पंजीकरण कर योजना के लाभ से अवगत कराया। स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम ने जननी सुरक्षा योजना की जानकारी दी। बैंकों द्वारा पीएम जीवन ज्योति, पीएम सुरक्ष़्ा बीमा योजना और जनधन योजना की जानकारी से अवगत कराया। सीएलटीसी विपिन सेमवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत अंगीकार कार्यक्रम के बारें में विस्तार से बताया।
पालिकाध्यक्ष संदीप रावत ने सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने योजनाओं का प्रचार प्रसार करने पर बल देते हुए कहा कि अधिकाधिक लोगों को योजनाओं का लाभ देने से ही योजना साकार हो सकेगी। इस दौरान पालिका के सदस्य भी मौजूद रहे।

