पोखरी (चमोली)। बारूली पट्टी की अधिष्ठात्री देवी राजराजेश्वरी मां चंडिका देवी की बन्याथ यात्रा और नए फर्शे के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई है। पोखरी के चमेठी की मां चंडिका की बन्याथ यात्रा को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां तेज कर दी है। मंदिर समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक में बताया गया कि 5 जनवरी को ब्रह्म गुरु दीपक कुंवर उखीमठ से नव निर्मित फर्श व अन्य सामग्री लेकर पोखरी पहुंचेंगे। 6 जनवरी को पोखरी से सिनाऊं गांव के लिए प्रस्थान किया जाएगा।ं तीन दिनों तक फर्शे पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा। तीसरे दिन सायंकाल फर्शे को चंडिका मंदिर, चमेठी लाया जाएगा। दो दिनों तक शुद्धिकरण किया जाएगा। इसके बाद चंडिका देवरा यात्रा को लेकर आगे की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष महिधर पंत व हनुमंत सिंह असवाल, कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी तथा महामंत्री सतेन्द्र बुटोला ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चमेठी गांव के पंत पुजारी भी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं में मां चंडिका देवी को लेकर अपार श्रद्धा व उत्साह बना हुआ है।

