गोपेश्वर (चमोली)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में एक जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन तीन अक्टूबर को होगा। पहले अंतिम सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होनी थी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 सितंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि चमोली जिले की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ैप्त् प्रक्रिया के दौरान कुल 63,347 नोटिस जारी किए गए थे। इन सभी नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और संबंधित प्रकरणों को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड भी किया जा चुका है। इसके अलावा 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को संशोधित समय-सारणी के अनुसार शेष कार्यवाही प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने को कहा। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आमजन से अपील की कि वे संशोधित कार्यक्रम और निर्धारित तिथियों की जानकारी रखें तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
