जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ विकास खंड स्थित विश्व प्रसिद्ध हिम क्रिड़ा स्थली औली में बीते दिनों हुए नेशनल स्कीइंग एंड स्नोबोर्ड चैम्पियनशिप के आयोजन को लेकर जोशीमठवासियों ने सवाल खड़े किये हैं। नगरवासियों ने मामले में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जांच की मांग उठाई है।
नगर पालिका सभासद अमित सती और सुशील पंवार का कहना है कि जहां आयोजन समिति की ओर से खेल के आयोजन में नगर पालिका, स्थानीय जन प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों की अनदेखी की गई है। वहीं लोनिवि की ओर से सड़क से बर्फ हटाने के लिये नमक के उपयोग को सरकारी धन का दुरुपयोग बताया है। कहा गया कि पूर्व में आयोजित राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खेलों में जहां नगर पालिका को आयोजन समिति में शामिल किया जाता रहा है। वहीं इस बार पालिका व स्थानीय जन प्रतिनिधियों की अनदेखी की गई है। उन्होंने मामले में जिलाधिकारी से आयोजन में मनमानी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में मदन पांडे, संतोष बिष्ट, आनंद केरणी और मनोज देवरानी के हस्ताक्षर हैं।

