खबर को सुनें

-सड़क नहीं आरटीओ पास, हो रहा भारी वाहनों का संचालन

– रोक न लगने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

गोपेश्वर (चमोली)। करछी-तुगासी हल्का मोटर मार्ग अभी आरटीओ पास नहीं है। जिला प्रशासन की हिदायत के बावजूद मार्ग पर डंपरों की आवाजाही से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही डंपरों की आवाजाही पर रोक न लगी तो उन्हें आंदोलन को विवश होना पड़ेगा।

चमोली जिले के ज्योतिर्मठ विकास खंड के तपोवन के ढाक बैंड से करछी-तुगासी-करछों के लिए पीएमजीएसवाई के तहत हल्का मोटर वाहन मार्ग बनाया गया है ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। यह मोटर मार्ग अभी आरटीओ की ओर से वाहनों के संचालन के लिए पास नहीं किया गया है।

ज्योतिर्मठ के प्रधान संगठन के ब्लाॅक अध्यक्ष मोहन बजवाल ने बताया कि ग्रामीणों ने अपनी नाप भूमि सड़क निर्माण के लिए दी है। जो अब भारी डंपरों के चलते बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है। डंपरों के चलने के कारण डामर उखड़ गया, दीवारें और काजवे टूट गए, जबकि पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरा गांव पानी के लिए तरस रहा है।

ब्लाॅक अध्यक्ष मोहन बजवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि धूल के गुबार से पंचायत भवन, घरों और दुकानों में रहना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का सांस लेना तक दूभर हो रहा है। गंदा पानी सीधे नदी में डाला जा रहा है, इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, संकरी सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से स्कूली बच्चों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। कहा कि ग्रामीणों ने 15 अप्रैल को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरी स्थिति से अवगत कराया था। जिलाधिकारी की ओर से तत्काल डंपरों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद क्रेशर संचालकों की मनमानी जारी है और डंपर धड़ल्ले से चल रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तत्काल प्रभाव से डंपरों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *