गोपेश्वर (चमोली)। एसएसबी गुरिल्ला संगठन की ओर से अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में जन जागरण रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा 33वें दिन सोमवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंची। जिसका स्थानीय गुरिल्लाओं ने स्वागत किया। यहां पर एक बैठक के उपरांत संगठन ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
गौरतलब है कि कुमायूं मंडल के अल्मोड़ा मे गुरिल्ला संगठन की ओर से अपनी मांगों को लेकर दिए जा रहे धरने के पांच हजार दिन पूरे होने के बाद संगठन की ओर से 22 जून को अल्मोडा के गोलज्यू मंदिर से जनजागरण रथ यात्रा शुरू की गई जो 33वें दिन सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंची। गोपेश्वर में नगर पालिका परिषद के हाॅल में एक बैठक की गई जिसमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बह्मानंद डालाकोटी ने कहा कि उनका संगठन एक लंबे समय से अपनी तीन सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलनरत है। जिसमें नौकरी, पेंषन और मृतक आश्रितों को नौकरी की मांग की जा रही है लेकिन सरकार उनकी मांग पर कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से अल्मोडा में पांच हजार दिन तक धरना भी दिया गया जिसके बाद अब जागरण रथ यात्रा निकाली गई है। यदि इसके बाद भी सरकार उनकी मांग पर गौर नहीं करती है तो फिर नयी रणनीति के साथ आंदोलन चलाया जाएगा और आंदोलन को समाप्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर चमोली के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री शिव भजन कोहली, जिला उपाध्यक्ष प्रेम सिंह भण्डारी, संगठन मंत्री बीरेंद्र सिंह पंवार, दशोली ब्लॉक के अध्यक्ष बालक सिंह राणा आदि शामिल थे।

