-एलएनजी-सीएनजी स्टेशन और पीएनजी कनेक्शन की तैयारी
-डीएम ने अधिकारियों को दिए मानकों के अनुरूप भूमि चयन के निर्देश
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में सिटी गैस नेटवर्क विस्तार की कवायद तेज हो गई है। एलएनजी और सीएनजी स्टेशन स्थापित करने के साथ ही पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गुरुवार को समीक्षा बैठक में अधिकारियों को गैस स्टेशनों के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर चयन की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने पर जोर दिया।
जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम ने जनपद में प्रस्तावित सिटी गैस नेटवर्क के विस्तार, एलएनजी-सीएनजी स्टेशन और पीएनजी कनेक्शन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एलएनजी स्टेशन के लिए उपयुक्त भूमि चयन की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को देते हुए स्थल की पहुंच, सुरक्षा, भविष्य की जरूरतों और निर्धारित मानकों को प्राथमिकता देने को कहा।
डीएम ने जिले के प्रमुख शहरी क्षेत्रों में सीएनजी स्टेशन के लिए भी संभावित भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की टीम संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों की जांच करे, ताकि बाद में किसी तरह की अड़चन न आए।
पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए डीसीयू यूनिट की स्थापना से जुड़ी कार्रवाई भी प्राथमिकता से पूरी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी गैस स्टेशन या संबंधित इकाई के लिए भूमि का चयन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। भूमि चयन से पहले संबंधित विभागों से आवश्यक परीक्षण और सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि सिटी गैस नेटवर्क के विस्तार से लोगों को स्वच्छ और सुविधाजनक गैस आपूर्ति मिलने के साथ ईंधन के वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल साधनों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस दौरान चमोली के उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, नीरज जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
