गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर समेत आसपास के गांवों में पहले भालू का आतंक बना हुआ था और अब बाघ की दस्तक से लोगों में भय का माहौल है। ताजा मामला नगर क्षेत्र के पाडुली गांव का है, जहां मंगलवार सुबह चारा-पत्ती लेने जंगल गई महिला प्रियंका देवी पर बाघ ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रियंका देवी रोज की तरह मठ रोड के ऊपर जंगल में गई थीं। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ पर बाघ के पंजों के गहरे निशान आए हैं। घायल अवस्था में भी उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए मोबाइल फोन से गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। बताया जा रहा है कि उनके हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और करीब 5 से 6 टांके लगाए गए हैं।
स्थानीय निवासी योगेंद्र बिष्ट, पार्षद दीपक बिष्ट का कहना है कि पिछले कुछ समय से गोपेश्वर और आसपास के गांवों में भालुओं की आवाजाही से लोग परेशान थे। अब बाघ के हमले की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। घायल महिला का हालचाल जानने के लिए पालिकाध्यक्ष संदीप रावत भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए वन विभाग से बाघ का पकड़ने की मांग की है।

