विशेष गहन पुनरीक्षण और निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों का करेगा निरीक्षण
गोपेश्वर (चमोली)। भारत निर्वाचन आयोग के उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय वरिष्ठ अधिकारियों का दल 20 जून को चमोली जिले के भ्रमण पर रहेगा। दल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति, निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों तथा मीडिया एवं संचार रणनीति की तैयारियों का स्थलीय जायजा लेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोग का दल ज्योतिर्मठ में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के सदस्यों के साथ संवाद करेगा तथा बूथ स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्रों के सत्यापन एवं दस्तावेजीकरण कार्यों का निरीक्षण करेगा। इस दौरान निर्वाचन आयोग की नई पहल एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों पर प्रस्तुतीकरण भी दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
