पिथौरागढ़। देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगाई ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सड़क की मरम्मत कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों को पूर्व में कई बार अवगत कराया जा चुका है, इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को मौके पर तत्काल निरीक्षण कर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों, गड्ढों और अन्य कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक का मार्ग नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर किया जाना चाहिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की स्वयं निगरानी करें। उन्होंने सड़क मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और महज खानापूर्ति से बचने के निर्देश दिए। कार्य पूरा होने के बाद स्थलीय निरीक्षण कर इसकी गुणवत्ता की जांच भी सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसमस्याओं की अनदेखी या कार्यों में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
