खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बदरीनाथ हाइवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों की सुधारीकरण में देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को मैनपावर बढ़ा कर सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया है।

चारधाम यात्रा मार्ग के सुधारीकरण को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को यात्रा से पूर्व रोड़ ट्रीटमेंट, ब्लैकटाप, प्रोटेक्शन वर्क तथा स्लोप इस्टेपलाइजेशन के कार्यों को हर हाल में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने पूर्व हाइवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण के कार्य हर हाल में पूरे हो जाने चाहिए। इसके लिए उन्होंने उप जिलाधिकारियों की ओर से यात्रा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण कार्यों की रिपोर्ट न भेजने पर नाराजगी जताई।

डीएम गौरव कुमार ने एनएचआईडीसीएल के ईई को कमेडा से हेलंग तक तथा  बीआरओ के अधिकारी को हेलंग से श्री बद्रीनाथ धाम तक मार्ग सुधारीकरण के निर्देश दिए। एनएच रूद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता को चोपता-मंडल-गोपेश्वर मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने को कहा। इसके लिए उन्होंने मैनपावर और मशीनरी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम विवेक प्रकाश को चारधाम यात्रा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा। उनका कहना था कि रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख होना चाहिए कि मैनपावर और मशीनरी लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए सड़कों की खराब स्थिति के कारण लगने वाले जाम और उससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं का उल्लेख किया। उनका कहना था कि यात्रा से पूर्व सड़क कार्यों का पूर्ण होना जरूरी है। इससे जाम की स्थिति से बचा जा सकता है। 

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पीडब्ल्यूडी के ईई नवीन ध्यानी, बीआरओ के केटी राव, एनएच रूद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता ओमकार पाण्डेय तथा एनएचआईडीसीएल के अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *