खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के बेस अस्पताल सिमली में आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के तहत स्वस्थ नारी सशक्त परिवार स्वास्थ्य शिविर में 510 लोगों का स्वास्थ परीक्षण किया गया। इस दौरान दिव्यांग प्रमाण पत्र न बनने पर दिव्यांगों ने हंगामा भी काटा।

सिमली में आयोजित शिविर का शुभारंभ विधायक अनिल नौटियाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सेवा भाव योजना के तहत संचालित स्वास्थ्य शिविर में जनता को लाभ मिल रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि जनपद चमोली में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 45 हजार से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। बताया कि 1145 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। बेस अस्पताल सिमली के अधीक्षक डा. साहिल भार्गव ने बताया कि  स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों से आए 510 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण के साथ दवाइयां वितरित की गई। थराली  विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।

नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद नेगी, पूर्व प्रमुख राजेंद्र सगोई ने भी शिविर में नेत्र चिकित्सक नहीं होने पर नाराजगी जताई। फार्मेसी अधिकारी अमर लाल नथवाल के संचालन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग के अधीक्षक डा. वीपी पुरोहित, सर्जन डा. भानु प्रताप शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डा. सीमा सिंह, ईएनटी सर्जन डा. अल्का नेगी, मनोरोग विशेषज्ञ डा. पार्थ प्रतीक दत्ता, फिजीशियन डा. सतेंद्र कंडारी, आर्थोपेडिक सर्जन डा. अशोक गुप्ता, दंत रोग विशेषज्ञ डा. मोनिका, टीका प्रसाद मैखुरी, बीरैंद्र सिंह नेगी, अनूप नेगी, अजय डिमरी , दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य गणेश मिश्रा, फार्मेसी अधिकारी प्रकाश चंद्र ममगांई और कुलदीप गुसाईं आदि मौजूद रहे।

दिव्यांगों ने काटा हंगामा

शिविर में दिव्यांग धीरज कुमार टम्टा, बीरेंद्र लाल, रघुवीर सिंह ने चिकित्सकों द्वारा दिव्यांग प्रमाणपत्र नहीं बनने पर हंगामा काटा। इसका संज्ञान लेते हुए विधायकों और जन प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए पीड़ितों का नियमानुसार दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठैत ने चेतावनी देते हुए कहा कि बेस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, पैदल मार्ग निर्माण, आपरेशन थियेटर में आधुनिक मशीनें, रेडियोलाजिस्ट की तैनाती, एक्स-रे टैक्निशियन की तैनाती नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए कहा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *