गोपेश्वर (चमोली)। हेमकुंड साहिब यात्रा में रोजी रोटी कमाने गया नंदानगर ब्लॉक के बांजबगड का 22 वर्षीय युवक मनोज बिष्ट लापता हो गया है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक चमोली से को लापता युवक की ढूढ खोज करने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कठैत के नेतृत्व में मनोज बिष्ट के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि मनोज 29 जून से घांघरिया से लापता चल रहा है। वह घोडे, खच्चरों के जरिए अपना रोजगार चला रहा था। मनोज बिष्ट का अपने मालिक पुलना गांव निवासी देवेंद्र चौहान के साथ लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों थाना गोविंदघाट भी गए थे। पुलिस के सामने समझौता भी हो गया था। परिजनों ने बताया कि 5 जुलाई तक मनोज के फोन पर घंटी जा रही थी। लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था। 5 जुलाई के बाद फोन स्विच आफ हो गया। परिजनों को चिंता है कि कहीं मनोज के साथ कोई अनहोनी न हुई हो।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि मामले में पुलिस ने कई टीमे गठित की है। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर मनोज बिष्ट की ढूंढ खोज की जा रही है। पुलिस अलग-अलग एंगल पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगां पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मनोज बिष्ट की तलाश में हर संभव कदम उठाए जाएंगे।