गोपेश्वर (चमोली)। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति और वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जाए। उन्होंने जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों एवं निष्कर्षों को सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि जनता को मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
कांग्रेस ने मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और षड्यंत्र में शामिल लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच किए जाने की भी मांग की। कहा कि जांच के दायरे में मामले से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल किया जाना चाहिए और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अंकिता भंडारी के परिवार को पूर्ण न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जानी चाहिए और जांच की प्रगति से जनता को अवगत कराया जाना चाहिए। इस दौरान उपाध्यक्ष आनंद पंवार, नगराध्यक्ष धीरेन्द्र गढ़िया आदि मौजूद रहे।
