पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी ब्लाॅक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दरकार फरियादियों ने एसडीएम के सम्मुख रखी। इस दौरान 48 शिकायतें दर्ज की गई। इसमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर लिया गया। पोखरी में एसडीएम सोहन सिंह रांगड की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में फरियादियों ने पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं को रखा। सिमखोली के प्रधान ईश्वर सिंह ने सिमखोली में सड़क निर्माण, मसोली की प्रधान दिव्या देवी ने हाईस्कूल में शौचालय निर्माण, मसोली में खेल मैदान निमार्ण, ब्रह्माण थाला के प्रधान दीपक थपलियाल ने ब्रह्माण थाला सड़क सुधारीकरण, प्रधान कल्याण सिंह, राकेश रावत, दीपक थपलियाल ने मनरेगा में भुगतान न होने से हो रही परेशानियों की बात एसडीएम के सम्मुख रही। कहा कि यदि जल्द ही भूगतान नहीं किया जाता है तो जनप्रतिनिधियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। सिनाऊ की प्रधान संतोषी देवी ने खेल मैदान पर अतिक्रमण, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप राणा ने नोठा गांव को सड़क से जोड़ने, खन्नी गांव के नीचे हो रहे भू-स्खलन को रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाने की बात रखी।
उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रागड ने बताया कि तहसील दिवस में 48 शिकायत दर्ज हुई है। इसमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बताया कि अधिकांश शिकायतें सड़क, शिक्षा, पेयजल से संबंधित रही। इनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी शिवसिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा, प्रधान संघ अध्यक्ष तेजपाल रावत, तहसीलदार कमल किशोर ध्यानी, वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी व बैंजी लाल शाह, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी आदि मौजूद रहे।

