खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंहगाई और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से सोमवार को आहुत रैली और जन सभा को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी को रोकने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाना हम सब की जिम्मेदारी है।

गोपेश्वर बस स्टेशन पर जन सभा को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री ने कहा कि इस बार की लड़ाई असत्य पर सत्य की विजय और मान सम्मान की है। उन्होंने कहा कि वे मंच से भाजपा को चुनौती दे रहे है कि एक भी ऐसा काम इन पांच सालों में गोपेश्वर जिला मुख्यालय के लिए गिनवा दे जो उनकी ओर से सौगात रही हो। उन्होंने कहा कि जनता के साथ छलावा कर भाजपा ने सत्ता काबिज कर इन पांच सालों में विकास का एक भी काम नहीं किया जिसे जनता याद रख सके। चमोली जिले के तमाम चिकित्सालयों से डाक्टरों के स्थानांतरण कर हमारे स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश के अंदर मां बहिने अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है। बेरोजगारों के साथ छलावा किया गया। जिस मंहगाई को कम करने और प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने के नाम पर भाजपा सत्ता में आयी थी आज वहीं चरम पर पहुंच गई है। मंहगाई की सबसे ज्यादा मार महिलाएं झेल रही है। उनके किचन का बजट गड़बड़ा गया है। इस लिए ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार सत्ता में आती और बदरीनाथ विधान सभा की जनता उनको अपना आशीर्वाद देती है तो वे चमोली जिला मुख्यालय पर मेडिकल कालेज की स्थापना, जिले के अंदर रूकी हुई सड़को को आगे बढ़ानेे, घाट के आंदोलनकारियों के मुकदमें वापस लेने, जोशीमठ और पीपलकोटी में स्टेडियम बनाने के लिए संकल्प के साथ वादा करता हूं।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजनी भंडारी ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए कांग्रेस पार्टी का सत्ता में आना आवश्यक है। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया वे हर समय जिले के विकास के लिए उनके साथ खड़ी है और आने वाले समय में जिले के हर जिला पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को अंजाम देने के लिए वहां के जिला पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर योजनाओं को बनाया जाएगा ताकि हर क्षेत्र विकास के साथ-साथ आगे बढ़े। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल, नपा अध्यक्ष जोशीमठ शैलेंद्र पंवार, मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान, अरविंद नेगी, ब्लाॅक अध्यक्ष घाट सुखवीर रौतेला, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह आदि ने अपने विचार रखे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!