खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर में मुख्यमंत्री नवाचार योजना के अंतर्गत महाविद्यालय में स्थापित केंद्र की ओर से जैविक कृषि प्रमाणपत्र कार्यक्रम (उत्पादन, प्रसंस्करण एवम विपणन)  का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम के अवसर पर जैविक खेती के जानकार राकेश गैरोला और विपणन प्रबंधन की जानकार नीरजा ने प्रशिक्षार्थियों को लाभान्वित किया।

कार्यक्रम में जैविक कृषि प्रमाणपत्र कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सैनी ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं आवश्यकता पर बोलते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पलायन की समस्या और रोजगार सृजन के लिए मुख्यमंत्री नवाचार योजना को एक सार्थक प्रयास बताया। अच्छे स्वास्थ्य, स्वरोजगार और पलायन की रोकथाम की दृष्टि से भी प्रमाण पत्र कार्यक्रम को नवाचार के लिए प्रभावी कदम है।

विशेषज्ञ राकेश गैरोला ने युवाओं के लिए जिज्ञासा एवं परंपरा के अनुरूप जीवन को बेहतर करने वाली शिक्षा की बात कही। अपने अनुभवजनित ज्ञान के आधार पर रायपनिंग सेन्टर (फल पकाने के संयंत्र), वर्मी कंपोस्ट, सीड प्रोडक्शन, सीड बैंक, पर्मा कल्चर की जानकारी को साझा किया। ज्ञान के माध्यम से समाज में बेहतरी के लिए उद्यमिता को उन्होंने आवश्यक बताया। नीरजा ने ग्रीन रिवॉल्यूशन की अनिवार्यता और इससे उपजे संकट पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य से प्रसन्नता के साथ जुड़ना उत्पादकता को बढ़ाता है। उन्होंने आगे कहा कि उत्पादन इस प्रकार किया जाए, कि उत्पादकता बढ़े लेकिन हानियां न्यूनतम रहे। इसके लिए जुडिशरी वे शब्दावली का प्रयोग किया। उन्होंने  जैविक भोजन की महत्ता को बताने के लिए हूंजा आदिवासियों का उदाहरण दिया कि किस प्रकार उनमें जीवन प्रत्याशा बहुत अधिक है और उनका स्वस्थ्य जीवन शोधार्थियों के लिए जिज्ञासा का विषय बना हुआ है।

कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रभारी प्राचार्य डॉ.  मनीष डंगवाल ने अतिथियों को तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया। उन्होंने हरित क्रांति की पृष्ठभूमि की चर्चा की और पहाड़ी क्षेत्रों में जैविक खेती से संबंधित परंपराओं को बताया। बद्रीश गाय और अनाज के भंडारण में नीम के पत्तों की उपयोगिता को भी बताया। उन्होंने टिशू कल्चर लैब के विषय में भी चर्चा की। कार्यक्रम में विशेषज्ञों की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित प्रश्न प्रशिक्षणार्थियों से पूछे गए और सही जवाब देने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. जगमोहन सिंह नेगी, डॉ. रंजू बिष्ट,  डॉ. रूपेश कुमार, डॉ. राकेश मौर्य, डॉ. बीपी देवली, डॉ. अरविंद भट्ट, डॉ. भावना मेहरा, डॉ. एसके लाल, डॉ. ऋतु चैधरी, मीडिया प्रभारी डॉ. दर्शन नेगी आदि उपस्थित रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!