खबर को सुनें

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब की द्विवार्षिक पत्रिका “एक संकल्प : सभी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए” का विमोचन किया।

 मुख्यमंत्री ने क्लब द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, शारीरिक सक्रियता और फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर कार्यक्षमता और सकारात्मक जीवन का आधार हैं। कहा कि नियमित व्यायाम, दौड़, खेल गतिविधियां और अनुशासित जीवनशैली व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाती हैं। उन्होंने कहा कि सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब कर्मचारियों और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने का प्रेरणादायी कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं, बल्कि सामूहिक सहभागिता, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करती हैं। मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को भविष्य में भी इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

क्लब की द्विवार्षिक पत्रिका में वर्षभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों और आयोजनों का उल्लेख किया गया है। इसमें स्वास्थ्य के लिए दौड़, सचिवालय वार्षिक प्रतियोगिता, अंतर विभागीय प्रतियोगिताएं, स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ 15 किलोमीटर दौड़, गणतंत्र दिवस पर 26 किलोमीटर दौड़ तथा नमामि गंगे अभियान के तहत देहरादून से हरिद्वार तक आयोजित अखंड रिले दौड़ जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष ललित चंद्र जोशी, महासचिव राजेंद्र प्रसाद जोशी, पत्रिका संपादक शारदा शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश घींगा, मुख्य सलाहकार जीवन सिंह बिष्ट, सलाहकार रीता कौल, उपाध्यक्ष रीना शाही सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *