खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह ने गोपेश्वर में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनाव तैयारियों को लेकर संगठन के मंडल और शक्ति केंद्रवार की गई तैयारियों की समीक्षा की। जिस पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को सभी छूटे बूथों पर पन्ना प्रमुख की तैनाती के निर्देश दिये। साथ ही कार्यकर्ताओं को दीवार लेखन का कार्य पूर्ण करने की भी बात ही।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं में केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों से उत्साह बना हुआ है। विधानसभा चुनाव में भाजपा पुनः सरकार बनाने जा रही है। साथ ही उन्होंने पार्टी में टिकट की दावेदारी को लेकर कहा कि भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं में कोई  मनमुटाव नहीं है। भाजपा की ओर से कमल का निशान प्रत्याशी है। वहीं उन्होंने हेमकुंड साहिब को रोपवे से जोड़ने की योजना को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम बताया। कहा कि इस योजना के निर्माण से हेमकुंड साहिब की यात्रा में वृद्धि होगी। वहीं उन्होंने अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता असली हिन्दू और देश भक्त की पहचान जानती है। जनता जनरल बाजवा के भाई के बजाय जनरल विपिन रावत को खुली छूट देने वालों के पक्ष में खड़ी है। वहीं उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से जहां बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अन्य दलों के पास बूथ पर कार्यकर्ता नहीं हैं। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, जिला महामंत्री समीर मिश्रा, बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष पुष्पा पासवान, डीसीबी अध्यक्ष गजेंद्र रावत, सतीश लखेड़ा, टीका प्रसाद मैखुरी, चन्द्रकला खंडूरी, महावीर रावत आदि मौजूद थे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!