खबर को सुनें

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात जगजीतपुर इलाके में बाइक सवार 6 बदमाशों ने एक दूध कारोबारी को लूटने का प्रयास किया, लेकिन वे उसमें कामयाब नहीं हो पाए। लुटेरों की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात ग्राम जगजीतपुर में दूध की डेयरी संचालित करने वाले हिमांशु चौधरी अपनी डेरी रोज की तरह बंद कर घर लौट रहे थे। जब वे डेरी से कुछ दूर ही चले थे कि निरंजनी अखाड़े के बाहर अंधेरे में दो बाइकों पर खड़े 6 लोगों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से दो बदमाश बाइक पर ही बैठे रहे, जबकि चार लोगों ने उन्हें लूटने का प्रयास किया। लेकिन डेयरी संचालक के शोर करने पर वह भाग खड़े हुए। बदमाशों की तस्वीरें आगे एक मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गईं। डेयरी संचालक ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची जगजीतपुर चौकी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। पुलिस ने इस मामले में पीडि़त की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!