देहरादून। अवैध शराब बिक्री, ओवररेटिंग, सरकारी भूमि पर खुले शराब के ठेकों और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में सुराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय और बाद में आबकारी मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए आबकारी आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सबसे पहले जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां न तो जिला आबकारी अधिकारी मौजूद मिले और न ही आबकारी निरीक्षक। इसके बाद प्रदर्शनकारी आबकारी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध-प्रदर्शन करते हुए एटी नामक व्यक्ति का पुतला दहन किया और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से लोगों की मौत होने पर केवल जिला आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर मामले को दबा दिया जाता है, जबकि वास्तविक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि आबकारी गोदामों पर छापेमारी क्यों नहीं की जाती और तीर्थ स्थलों पर खुलेआम शराब की बिक्री क्यों जारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि पर शराब के ठेके खोले जा रहे हैं, जबकि आम लोगों के मकानों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के हाईवे से शराब ठेकों की दूरी संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन, बाजारों में बिना पार्किंग व्यवस्था के ठेके संचालित होने और इससे यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं भी उठाईं।
सुराज सेवा दल ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर ठेकों के बाहर गोलीबारी जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन बाहरी अधिकारियों के संरक्षण के कारण शराब माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। संगठन ने जिला आबकारी अधिकारियों के स्थान पर निरीक्षकों को प्रभार देने को भी सरकार का मजाक बताया।
प्रदर्शन के बाद संगठन ने आबकारी आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब कारोबार, ओवररेटिंग और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पूरे प्रदेश में व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, महामंत्री देवेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, हिमांशु धामी, विजेंद्र सिंह, जिला सचिव सागर वर्मा, अमित, नितेश, लालमणि भारद्वाज, राजेश थापा, शिवम, कुणाल, दिव्यांश, मोनू, विवेक, नवीन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
