खबर को सुनें

हरिद्वार। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गंगा घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य अब धर्मनगरी हरिद्वार की सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं करेंगी। घाटों को गोद लेने के इच्छुक संस्थाओं के साथ विकास भवन में आयोजित बैठक में सीडीओ प्रतीक जैन ने नगर निगम की मेरा निज घाट योजना की शर्तों के अनुरूप अनुबंध कर पहली दिसंबर से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय के निर्देश के अनुरूप योजना के सफल संपादन के लिए समिति का गठन किया गया था। इसके अंतर्गत नगर निगम हरिद्वार की ओर से घाटों की सफाई, सौदर्यीकरण आदि कार्य के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त 11 आवेदनों पर विमर्श के बाद स्वामी नारायण आश्रम मंदिर ने पंतद्वीप घाट, बाबा बंशी वाले अन्नपूर्णा आश्रम ने पंतद्वीप पूर्वी घाट, महंत प्रदीप सिंह संत आश्रम ने प्रेमनगर के सामने वाला घाट, अखंड संकल्प सेवा संस्थान ने कांगड़ा घाट, मां भागीरथी गंगा सेवा ने रोड़ी बेलवाला घाट, अध्यक्ष निरंजनी अखाड़ा ने गणेश घाट, गंगा सभा ने सीसीआर, सुभाष घाट, गऊ घाट, कुशा घाट, सती घाट और नाई सोता घाट, भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला ने भगवान परशुराम घाट और प्रेम प्रकाश आश्रम ने अलकनंदा, डामकोठी और भागीरथी घाट को गोद लिया। बैठक में घाटों की सफाई व्यवस्था, रंगाई-पुताई आदि को लेकर भी संस्थाओं से वार्ता की गई। इसमें उन्हें घाटों की सफाई और अन्य कार्य के लिए अपने सुझाव सीडीओ के समक्ष प्रस्तुत किए। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में अतिक्रमण और सुंदरीकरण के संबंध में भी वार्ता की गई। सचिव एचआरडीए उत्तम सिंह चौहान, नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती, गंगासभा के अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्यम वशिष्ठ के अलावा प्रेम प्रकाश आश्रम, मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट आदि के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *