देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल)। सती शिरोमणि अनसूया देवी ने बसंत पंचमी पर्व पर देवप्रयाग संगम में डुबकी लगाई। इस दौरान तमाम श्रद्धालु संगम स्थल पर गंगा स्नान को मौजूद रहे।
बताते चलें कि चमोली जिले के दशोली ब्लॉक के खल्ला गांव की सती शिरोमणि अनसूया देवी 51 वर्षों बाद देवरा यात्रा पर निकली है। इसके तहत केदारनाथ, कालीमठ, ऊखीमठ, अनसूया आश्रम, गोपीनाथ मंदिर, कल्पनाथ, बदरीनाथ, सतोपंथ, भविष्य बदरी आदि की भ्रमण के पश्चात देवरा यात्रा ने 14 जनवरी को बैशाखी पर्व पर कर्णप्रयाग संगम में जिलासू की चंडिका देवी संग माघ स्नान किया। माघ स्नान के पश्चात देवडोली तमाम इलाकों के भ्रमण के पश्चात गुरूवार को देवप्रयाग पहुंची। बसंत पंचमी के अवसर पर अनसूया देवी ने भागीरथी तथा अलकनंदा के संगम पर देवप्रयाग में स्नान किया। स्नान के पश्चात देवडोली का श्रृंगार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी देवडोली के स्नान पर मनौती के लिए मौजूद रहे। इस तरह देवडोली ने स्नान कर लोगों को सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया। अब देवडोली अगले कार्यक्रम के तहत विभिन्न इलाकों के भ्रमण पर निकल गई है।

