खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने कहा कि तीन मई को प्रस्तावित नीट परीक्षा को आ रहे अभ्यर्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कहा कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं का ट्रायल किया जाए।

डीएम ने नीट परीक्षा को लेकर एसडीएम चमोली एवं पुलिस उपाधीक्षक को ट्रैफिक रूट मैप तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा ट्रैफिक जाम की स्थिति में अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, जैमर की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश नोडल अधिकारी पुष्पलता आर्या को दिए। सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रबंधन संबंधी समस्या न हो।

जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के माध्यम से टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अमित अग्रवाल निदेशक, प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक अमित अग्रवाल समेत चमोली के एसडीएम आरके पांडे और पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *