गोपेश्वर (चमोली)। भूकंप आए या पहाड़ दरकें, टनल में श्रमिक फंसें या सड़क पर बड़ा हादसा हो, ऐसी आपात परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से संचालित हो सकते हैं, इसकी शनिवार को चमोली जिले में व्यापक पड़ताल की गई। आपदा प्रबंधन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास के तहत जिले के आठ स्थानों पर अलग-अलग आपदा परिस्थितियों के कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर रेस्क्यू अभियान चलाए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों और बचाव एजेंसियों की तैयारियों, संसाधनों तथा आपसी समन्वय को परखा गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी आठ घटनास्थलों पर संचालित बचाव अभियानों की निगरानी की। उन्होंने इंसिडेंट कमांडरों से सीधे संपर्क कर रेस्क्यू की प्रगति जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक आपदा के दौरान जनहानि कम करने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया जरूरी है।
सभी आठों घटनास्थलों की गतिविधियों का ऑनलाइन प्रसारण जिला आपदा परिचालन केंद्र से किया गया। इससे अधिकारियों ने एक ही स्थान से सभी बचाव अभियानों की निगरानी और समन्वय किया। जिला आपदा परिचालन केंद्र में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कहीं टनल में फंसे श्रमिक तो कहीं मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू
मॉक अभ्यास के तहत ज्योतिर्मठ के तपोवन एनटीपीसी टनल में त्वरित बाढ़ और जलभराव का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें 20 से 22 श्रमिकों के सुरंग में फंसने की स्थिति दर्शाई गई। वहीं जीएमवीएन ज्योतिर्मठ में छह तीव्रता के भूकंप से भवन के पांच कक्ष क्षतिग्रस्त होने और 12 से 14 लोगों के फंसे होने का अभ्यास किया गया। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हाट में भूस्खलन से सुरंग का प्रवेश और निकास मार्ग बंद होने तथा 15 से 20 श्रमिकों के भीतर फंसने की स्थिति बनाई गई। कर्णप्रयाग के चटवापीपल में टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना में 14 से 16 यात्रियों के घायल होने का परिदृश्य तैयार कर घायलों को निकालने और अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
भालू के हमले से लेकर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग तक
पोखरी के मोहनखाल मार्ग पर भालू के हमले में दो लोगों के गंभीर घायल होने की स्थिति में वन विभाग और बचाव दलों ने संयुक्त अभियान चलाया। घाट तहसील के कुंतरी गांव के समीप हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग का परिदृश्य तैयार कर यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। थराली के राजकीय इंटर कॉलेज में भूकंप से भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने और करीब 40 विद्यार्थियों के फंसे होने की स्थिति दर्शाई गई। वहीं गैरसैंण के कालिमाटी गांव में भीषण अग्निकांड का परिदृश्य तैयार कर आग पर काबू पाने और आबादी को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।
संसाधनों और विभागीय समन्वय की भी हुई परीक्षा
मॉक अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना के गढ़वाल स्काउट, एसएसबी, सीआईएसएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, वन विभाग, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने प्रतिभाग किया। रेस्क्यू के लिए एंबुलेंस, जेसीबी, क्रेन, अग्निशमन वाहन, डिवाटरिंग पंप, हाइड्रोलिक कटर, सैटेलाइट फोन और अन्य उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोग भी परखा गया।
