देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश, आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर दिया जोर

गोपेश्वर(चमोली)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं की तैयारियों, विभागवार दायित्वों तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की जाने वाली कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के लिए नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अभी से निर्वाचन संबंधी तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, कार्मिकों की तैनाती एवं प्रबंधन, निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था तथा ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित रखरखाव और संचालन संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन व्यवस्था, संचार व्यवस्था, निर्वाचन व्यय की निगरानी, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तथा कानून एवं शांति व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा।

उन्होंने मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति के कार्यों, निर्वाचन के दौरान प्रचार-प्रसार की निगरानी, मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों तथा स्वीप गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने एनआईसी को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों से प्राप्त कार्मिकों की सूचियों का संकलन करते हुए जनपद स्तर पर कार्मिकों की समेकित सूची तैयार की जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान कार्मिकों की तैनाती एवं प्रबंधन की कार्यवाही समय से सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित निर्वाचन कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर लें। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समय-सारणी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्वाचन तैयारियों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी कार्य में समस्या या संसाधनों की आवश्यकता होने पर तत्काल संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। सभी अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण सिंह नबियाल, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी डी.सी सती सहित विभिन्न विभागों के नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!